Highlights

खेल

ओलंपिक से पहले टोक्यो में लगा आपातकाल

  • 13 Jul 2021

टोक्यो। ओलंपिक खेलों के शुरू होने में अब कुछ ही दिन का समय बाकी है, लेकिन टोक्यो में बढ़ते कोरोना के मामलों ने आयोजकों की चिंताएं बढ़ा दी हैं। यही कारण है कि 11 दिन पहले जापान की राजधानी में सोमवार से आपातकाल लागू कर दिया गया। छह सप्ताह का यह आपातकाल 22 अगस्त तक लागू रहेगा। 
महामारी के शुरू होने के बाद यह चौथी बार है जब टोक्यो में आपातकाल लागू किया गया है। नए आपातकाल का मुख्य लक्ष्य बार और रेस्तरां में परोसी जाने वाली शराब को रोकना है क्योंकि अधिकारी चाहते हैं कि लोग सार्वजनिक रूप से इकट्ठा होने की जगह घर में रहें और टेलीविजन पर इन खेलों का लुत्फ उठाएं।
आपातकाल के दौरान पार्क, संग्रहालय, थिएटर और अधिकांश दुकानें एवं रेस्तरां को रात 8 बजे बंद करने का अनुरोध किया गया है। टोक्यो के निवासियों से गैर-जरूरी चीजों के लिए बाहर निकलने से बचने और घर से काम करने का अनुरोध किया गया है। लोगों को मास्क पहनने और अन्य सुरक्षा उपायों को अपनाने के लिए कहा गया है। इस आपातकाल से टोक्यो की 1.4 करोड़ जनता के साथ चिबा, सैतामा और कानागावा जैसे आसपास के शहरों के कुल 3.1 करोड़ लोग प्रभावित होंगे। इस आपातकाल के उपायों को ओसाका और दक्षिणी द्वीप ओकिनावा में भी लागू किए गए है।