Highlights

मनोरंजन

कंगना रनौत और रंगोली चंदेल ने फिर टाली मुंबई पुलिस के आगे पेशी

  • 10 Nov 2020

नई दिल्ली ।  कंगना रनौत बीते कई दिनों से विवादों में बनी हुई हैं। कुछ दिनों पहले ही मुंबई पुलिस ने एक मामले में पूछताछ के लिए कंगना रनौत और उनकी बहन रंगोली चंदेल को पुलिस स्टेशन में पेश होने के लिए बुलाया था लेकिन तब दोनों बहनों का कहना था कि वो अपने भाई की शादी में व्यस्त हैं इसलिए पेश नहीं हो सकती हैं। इसके बाद मुंबई  पुलिस ने एक बार फिर कंगना को नोटिस भेजा जिसमें 10 नवंबर यानी आज उन्हें अपना बयान दर्ज कराने के लिए पुलिस के सामने पेश होना था लेकिन रिपोर्ट के मुताबिक इस बार भी उन्होंने जाने से इनकार कर दिया है। 
दोनों बहनों को कथित रूप से सोशल मीडिया पर अपनी टिप्पणियों के माध्यम से समुदायों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देने के मामले में पेश होने के लिए कहा गया था। इससे पहले बांद्रा पुलिस ने कंगना रनौत और उनकी बहन को उनका बयान दर्ज कराने के लिए पहला नोटिस 21 अक्टूबर को भेजा था लेकिन तब उनके वकील ने इसका जवाब लिखते हुए कहा कि कंगना फिलहाल हिमाचल प्रदेश में हैं और अपने भाई की शादी की तैयारियों में बिजी हैं। इसके बाद मुंबई पुलिस ने दोनों बहनों को 10 नवंबर को पुलिस स्टेशन में पेश होने के लिए कहा लेकिन कंगना ने इस प्रस्ताव को भी स्वीकार नहीं किया। 
रिपोर्ट के अनुसार कंगना रनौत ने अपने खिलाफ दर्ज मामले के सिलसिले में दूसरी बार पुलिस स्टेशन जाने से इनकार कर दिया है।  कंगना ने कहा कि वो अब भी अपने भाई की शादी में व्यस्त हैं और 15 नवंबर को अपना बयान दर्ज कराने के लिए उपलब्ध होंगी। बता दें कि पुलिस ने 3 नवंबर को कंगना रनौत और उनकी बहन रंगोली चंदेल को दूसरा नोटिस जारी किया था और उन्हें 10 नवंबर को पेश होने का आदेश दिया था। 
credit- लाइव हिन्दुस्तान