आवेदनों का सिर्फ 1.6%; भाजपा और कांग्रेस दोनों महिला मतदाताओं को लुभाने में जुटीं
भोपाल। लाड़ली बहना योजना में 30 अप्रैल तक 1.25 करोड़ से अधिक आवेदन आने के बाद 15 मई तक 2.03 लाख आपत्तियां ही आई हैं। ये आपत्तियां प्रदेशभर में मिले कुल आवेदनों का मात्र 1.6 % हैं। अब 30 मई तक इन आपत्तियों पर सुनवाई होगी। इसके बाद पात्र महिलाओं की सूची फाइनल कर दी जाएगी और 10 जून से उनके खाते में 1000 रुपए का वितरण शुरू किया जाएगा।
आपत्तियों का निराकरण गांव में जनपद सीईओ की अध्यक्षता वाली समिति और शहरी क्षेत्रों में आयुक्त नगर निगम की समिति करेगी। जांच में कोई महिला अपात्र मिलती है तो योजना से नाम हटा देंगे। प्रमुख सचिव महिला बाल विकास दीपाली रस्तोगी ने भास्कर से कहा कि भविष्य में किसी लाभार्थी के खिलाफ आपत्ति आती है तो नियमों के मुताबिक सुनवाई में पात्रता का निर्णय होगा। इस प्रश्न पर कि लाभार्थी द्वारा गलत जानकारी देने का मामला आता है तो क्या दिए गए नकद की वसूली होगी, अधिकारी ने कहा कि अभी कुछ बोलना संभव नहीं है।
30 अप्रैल तक आए 1.25 करोड़ फॉर्म
30 अप्रैल तक भोपाल में 3.08 लाख, इंदौर में 4.39 लाख, जबलपुर में 3.81 लाख और ग्वालियर में 3.08 लाख फॉर्म भरे गए थे। इसके बाद ग्राम पंचायत और निगम के वार्ड कार्यालयों में सूची प्रदर्शित कर दी गई थी, जिसके आधार पर आपत्तियां आई हैं।
आपत्तियां ऐसी- 2.5 लाख से ज्यादा आय, चार पहिया वालों ने भरे फॉर्म
कई जिलों में सामने आई आपत्तियों के मुताबिक उन महिलाओं ने भी फॉर्म भर दिए हैं जिनकी पारिवारिक आय 2.5 लाख से ज्यादा है। कुछ के घर में ट्रैक्टर और कारें हैं। घर में सरकारी नौकरी वाले सदस्य भी हैं।
इधर, नारी सम्मान रथ रवाना
कांग्रेस ने नारी सम्मान योजना के 20 लाख फाॅर्म भरवाए
कांग्रेस 2.60 करोड़ महिला मतदाताओं को लुभाने के लिए नारी सम्मान योजना को लेकर घर-घर तक पहुंच रही है। इसमें सरकार बनने पर 500 रुपए में गैस सिलेंडर और हर महिला को 1500 रुपए महीने दिए जाएंगे। 8 दिन में 230 विधानसभा में 20 लाख फार्म भरवाए गए हैं। 12 जून को प्रियंका गांधी जबलपुर से चुनाव प्रचार शुरू करेंगी। कांग्रेस की योजना है कि तब तक 1.15 करोड़ फॉर्म भर जाएं। उप्र से लगे अटेर के पूर्व विधायक हेमंत कटारे का कहना है कि 50 हजार फाॅर्म बांटे गए हैं, 5 हजार फार्म भरवा चुके हैं। महाराष्ट्र सीमा से लगे बड़वानी जिले के राजपुर से विधायक बाला बच्चन ने 8 हजार से ज्यादा फाॅर्म भरवाए हैं। यहां 50 हजार फाॅर्म छपवाए हैं। इसके पीछे अन्य प्रदेशों में भी मैसेज देने का मकसद है। लांजी विधायक हिना कावरे, अलीराजपुर से मुकेश पटेल, खरगोन से रवि जोशी 6000 से ज्यादा फॉर्म भरवा चुके हैं।
भोपाल
चुनाव के लिए बड़ा दांव- लाड़ली बहना योजना में कुल 2 लाख आपत्तियां

- 18 May 2023