सगमा (गढ़वा)। झारखंड के गढ़वा में डायन-बिसाही के शक में एक पुलिसकर्मी द्वारा कथित तौर अपने बुजुर्ग चाचा की बेरहमी से हत्या करने का मामला सामने आया है। इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, झारखंड के गढ़वा में डायन-बिसाही का आरोप लगाकर एक पुलिसकर्मी ने अपने भाई के साथ मिलकर अपने ही वृद्ध चाचा की कथित तौर पर टांगी से काटकर हत्या कर दी। यह घटना धुरकी थाना क्षेत्र के पुतुर गांव में रविवार को दिन के 3:30 बजे घटी।
वारदात की सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने बताया कि मृतक 70 वर्षीय रामधनी बैठा के पोते के बयान के आधार पर आरोपी पुलिसकर्मी राजेश्वर बैठा और उसके भाई संजय बैठा के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस इस गहनता से इस पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है।
मृतक के परिजनों ने बताया कि आरोपी पुलिसकर्मी राजेश्वर बैठा धनबाद पुलिस बल में कार्यरत है। पिछले माह उसके भाई होमगार्ड जवान मनोज बैठा की मौत हो गई थी। मनोज पतरातू में तैनात था। राजेश्वर अपने भाई की मौत के लिए चाचा रामधनी को जिम्मेदार मानता था। इन दिनों राजेश्वर गांव में आकर रह रहा था। रविवार सुबह अचानक उसने अपने भाई संजय बैठा के साथ मिलकर रामधनी के खपड़ैल के मकान को क्षतिग्रस्त कर दिया। दोपहर 3:30 बजे जैसे ही रामधनी घर पहुंचा, राजेश्वर ने टांगी से वारकर उसकी हत्या कर दी।
थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला डायन-बिसाही से जुड़ा लग रहा है। जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, कड़ी कार्रवाई होगी।
साभार लाइव हिन्दुस्तान
झारखण्ड
झारखंड में पुलिसकर्मी ने डायन-बिसाही के शक में बुजुर्ग चाचा की बेरहमी से की हत्या

- 03 Mar 2025