Highlights

झारखण्ड

झारखंड में 15 नक्सलियों का सरेंडर, दो महिलाएं और नाबालिग भी शामिल

  • 12 Apr 2024

चाईबासा (जमशेदपुर)। लोकसभा चुनाव से पहले झारखंड पुलिस ने नक्सलियों की कमर तोड़ने में एक और सफलता पाई है। सरकार की प्रत्यर्पण एवं पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर 15 नक्सलियों ने गुरुवार को सरेंडर कर दिया। ये सभी नक्सली एक करोड़ के इनामी नक्सली नेता मिसिर बेसरा उर्फ सागर जी और पतिराम मांझी उर्फ अनल दा के मारक दस्ते में शामिल थे। चाईबासा पुलिस केंद्र में पुलिस अधिकारियों के समक्ष हथियार डालने वालों में दो महिला और एक नाबालिग नक्सली भी हैं।
कोल्हान डीआईजी मनोज रतन चोथे ने बताया कि सरेंडर करने वाले सभी नक्सली मिसिर बेसरा के दिशा-निर्देश पर विभिन्न घटनाओं को अंजाम देने में शामिल रहे हैं। इनपर टोंटो, गोईलकेरा, नोवामुंडी समेत विभिन्न थानों में विध्वंसक कार्रवाई और आर्म्स एक्ट के मामले चल रहे हैं। चोथे ने यह भी कहा कि चूंकि, ये सभी नक्सली पश्चिमी सिंहभूम के रहने वाले हैं। इसलिए कोल्हान एवं सारंडा के सुदूर जंगली और पहाड़ी इलाकों के चप्पे-चप्पे की जानकारी है। नक्सली सोनू चांपिया गुरिल्ला वार में माहिर है। इनके सरेंडर करने से जिले में माओवादी गतिविधियों पर अंकुश लगेगा। 
कोल्हान पुलिस आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों से लंबे समय से संपर्क में थी। डीआईजी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान चेतावनी देते हुए कहा कि माओवादी आत्मसमर्पण करें, नहीं तो जंगलों में पुलिस और सुरक्षा बलों के अभियान के दौरान पकड़े जायेंगे या मारे जायेंगे। उन्होंने यह भी अपील कि माओवादी राज्य सरकार की नीतियों का लाभ उठाएं और एक बेहतर जिंदगी जीने की ओर अग्रसर हों। इस मौके पर मौजूद पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने भी नक्सलियों को मुख्यधारा से जुड़कर परिवार के साथ खुशहाल जिंदगी बिताने का आह्वान किया।
साभार लाइव हिन्दुस्तान