Highlights

खेल

टोक्यो ओलंपिक के खेल गांव में लहराया भारतीय तिरंगा

  • 16 Jul 2021

नई दिल्ली। टोक्यो ओलंपिक के खेल गांव में बृहस्पतिवार को अन्य देशों के साथ भारतीय तिरंगा भी लहराया। हालांकि आधिकारिक तौर पर फ्लैग समारोह बाद में आयोजित होगा।
खेल गांव में न सिर्फ भारतीय दल के ठहरने का इंतजाम कर दिया गया बल्कि भारतीय ओलंपिक संघ (आईओसी) का कार्यालय भी खोल दिया गया। भारतीय दल खेल गांव के 15वें टॉवर में रहेगा। जहां 11वीं, 12वीं और 13वीं मंजिल स्थित 182 कमरों में खिलाड़ी, कोच, सपोर्ट स्टाफ रुकेगा।
इनकी चाबियां चेफ डि मिशन बीपी बैश्या को सौंप दी गईं। डिप्टी चेफ डि मिशन डॉ. प्रेम वर्मा के मुताबिक आधे से ज्यादा कमरों में दो को ठहराने की व्यवस्था है, लेकिन उनकी कोशिश एक कमरे में एक खिलाड़ी को ठहराने की होगी।
उन्होंने कहा कि भारत से आने वाले खिलाड़ियों को तीन दिन एकांतवास में रहना होगा। लेकिन इसकी शर्तें कड़ी नहीं हैं। खिलाड़ी इस दौरान दूसरी मंजिल पर स्थित आधिकारिक भोजनालय में भोजन कर सकते हैं। भोजनालय की मेजों पर सामने और बगल में फाइबर के शीशे लगाए गए हैं, जिससे कोई भी खिलाड़ी खाते वक्त किसी के संपर्क में नहीं आएगा। 
स्पर्धा खत्म होने के तीन बाद छोड़ना होगा खेल गांव 
खेल गांव के फ्लैटों का नजारा अद्भुत होता है। हर देश अपने फ्लोर को देश के झंडों से रंग देता है। इन झंडों को देखकर दूर से ही पता लग जाता है कि किस फ्लोर पर कौन से देश के खिलाड़ी हैं।
वर्मा ने कहा कि उन्होंने सभी कमरों में झंडा लगा दिया है। आईओए का कार्यालय दूसरी मंजिल पर हैं, जिसमें चेफ डि मिशन और स्टाफ बैठेगा। भारत का 228 सदस्यीय दल टोक्यो आना है, लेकिन ये सभी एक साथ नहीं होंगे। खिलाड़ियों की स्पर्धा खत्म होने के तीन दिन बाद ही उन्हें गेम्स विलेज छोड़ना है। ऐसे में खिलाड़ी आते-जाते रहेंगे।