धार। जिले के नागदा गांव में जैन समाज के चल रहे दीक्षा कार्यक्रम में महिलाओं की सोने की चेन गायब हो गई। घटना से कार्यक्रम में हंगामा हो गया। कुछ देर में दो अन्य महिलाओं के गले से भी आभूषण गायब हो गए। अचानक हुई घटना के बाद समाज के कार्यक्रम की व्यवस्था संभाल रहे युवकों को कुछ महिलाओं पर शक हुआ।
इसके बाद महिलाओं के बारे में जानकारी जुटाई गई। समाज की महिलाओं के सहयोग से इन संदिग्ध महिलाओं को कार्यक्रम से बाहर बुलाया गया और पूछताछ की गई। पूछताछ में पता चला कि ये 10 महिलाएं जैन समाज की नहीं हैं। समाज के किसी भी सदस्य के साथ नहीं आई हैं। ऐसे में समाज के लोगों ने इस बात की सूचना कानवन पुलिस को दी कुछ देर में ही पुलिस मौके पर पहुंची और इन महिलाओं को थाने लेकर गई।
झाबुआ निवासी निंरजना पति सुनील अपने परिवार के साथ दीक्षा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए नागदा पहुंची थी। इसी दौरान दोपहर करीब 12:30 बजे अचानक निंरजना के गले से सोने की चेन गायब हो गई। पास में बैठी राजकुमारी के गले से भी चेन गायब हुई थी। इसके बाद समाज के लोगों ने संदिग्ध महिलाओं पर नजर रखी। तीन महिलाएं कार्यक्रम को छोड़कर बाहर की ओर भाग गई। जिनका समाज के लोगों ने पीछा भी किया था। इधर मामले की जांच में जुटी कानवन पुलिस टीम ने इन संदिग्ध महिलाओं को थाने पर ले जाकर पूछताछ की। जिसमें महिलाएं अपना निवास दिल्ली, मुंबई सहित शिर्डी बता रही हैं। बार-बार नागदा आने का कारण अलग-अलग बता रही हैं। ऐसे में पुलिस ने चेन चोरी होने को लेकर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिलाओं के नाम और पते को लेकर जांच शुरु की गई है।
जैन समाज के कार्यक्रम के दौरान कुछ महिलाओं की सोने की चेन गायब हुई है। समाज के लोगों ने 10 महिलाओं को पुलिस को सौंपा है। ये सभी महिलाएं बार-बार अपना नाम और पता अलग-अलग बता रही हैं। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर इन महिलाओं को लेकर जांच में जुट गई है। -
धार
दीक्षा कार्यक्रम में चेन स्नेचिंग लेडी गैंग, समाज की महिलाओं ने 10 संदिग्ध महिलाओं को पकड़ कर पुलिस को सौंपा
- 12 Feb 2022