चंडीगढ़। टोक्यो ओलंपिक में 41 साल बाद कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम का हिस्सा रहे पंजाब के प्रत्येक खिलाड़ी को कैप्टन अमरिंदर सिंह की सरकार एक-एक करोड़ रुपये की धनराशि प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने टीम की जीत पर खुशी जताई और बधाई दी। टोक्यो ओलंपिक में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने जर्मनी को 5-4 से हराकर 41 साल बाद कांस्य पदक जीता। इस उपलब्धि पर पंजाब के खेल एवं युवा सेवाएं मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढी ने भारतीय टीम में शामिल राज्य के प्रत्येक हॉकी खिलाड़ी को एक-एक करोड़ रुपये की नकद राशि देकर सम्मानित करने का एलान किया है। भारत की शानदार जीत पर खेल मंत्री ने ट्वीट किया, ह्यभारतीय हॉकी के इस ऐतिहासिक दिन पर मैं पंजाब के खिलाड़ियों को एक-एक करोड़ रुपये के नकद पुरस्कार का एलान करते हुए गर्व महसूस कर रहा हूं। हम ओलंपिक में कड़ी मेहनत के साथ प्राप्त पदक का जश्न मनाने के लिए आपकी वापसी की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
उन्होंने लिखा कि यह एक कड़ा और रोचक मुकाबला था। हमारे लड़कों ने यह टोक्यो ओलंपिक में कर दिखाया है और 41 साल के बाद देश की झोली में ओलंपिक पदक डाला है। राणा सोढी ने बताया कि भारतीय हॉकी टीम में कुल 20 खिलाड़ियों में पंजाब के 11 खिलाड़ी शामिल हैं।
चंडीगढ़ + पंजाब
प्रदेश के हॉकी खिलाड़ियों को एक-एक करोड़ रुपये देगी सरकार, कैप्टन बोले- 41 साल बाद कांस्य भी सोने जैसा

- 06 Aug 2021