रांची। ब्राउन शुगर समेत ड्रग्स का धंधा करने वाले तस्कर पूरी प्लानिंग के साथ कारोबार करते हैं। वे महिलाओं को पहले प्रेम जाल में फंसाते हैं। इसके बाद उन्हें अधिक पैसा कमाने का लालच देकर उनसे ब्राउन शुगर समेत अन्य नशीले पदार्थों का धंधा कराते हैं। इस बात का खुलासा रांची पुलिस की जांच में हुआ है। पुंदाग पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। उसने पुलिस को यह जानकारी दी कि उसकी आर्थिक स्थिति काफी खराब थी। बच्चों का पालन पोषण करने में परेशानी हो रही थी। इसी बीच उसकी चतरा के एक युवक से दोस्ती हुई और वह उसके घर आने-जाने लगा। युवक उसे आर्थिक सहयोग भी करता था।
इसी दौरान युवक ने उसे ब्राउन शुगर का धंधा करने का प्रस्ताव दिया और कहा कि इससे आर्थिक स्थिति ठीक हो जाएगी। उसने कहा कि वह उसे ब्राउन शुगर लाकर घर पर देगा। बेचने के बाद वह उसे पैसे दे। 2 साल से वह युवक ही उसे ब्राउन शुगर देता था। इसके बाद परिवार के सारे लोग उसकी पुड़िया बनाकर कुछ युवाओं के माध्यम से बिक्री कराते हैं। उसने पुलिस को यह भी बताया कि उसके गिरोह में आधा दर्जन से अधिक युवा घूम-घूमकर ब्राउन शुगर बेचते हैं। रांची में एक दर्जन से अधिक महिलाएं इस धंधे का रैकेट चला रही हैं।
लोअर बाजार थाना क्षेत्र के इस्लाम नगर पानी टंकी के पास एक महिला चॉकलेट, बिस्कुट की दुकान लगाती है। उस दुकान की आड़ में वह करीब पांच साल से नशीले पदार्थ की बिक्री कर रही है। इलाके के लोगों का कहना है कि इसकी जानकारी पुलिस को भी है। इसके बावजूद कार्रवाई नहीं करती है। कडरू इलाके में भी युवतियां खुलेआम ब्राउन शुगर बैग में लेकर बिक्री करती हैं।
साभार लाइव हिन्दुस्तान
रांची
प्रेमजाल में फंसाकर लड़कियों से कराते हैं ड्रग्स की तस्करी

- 20 Mar 2023