Highlights

मुरैना

मुरैना हत्याकांड में बेटे को बंदूक थमाने वाली मां गिरफ्तार

  • 09 May 2023

 6 फरार आरोपियों पर अब 30-30 हजार का इनाम
मुरैना। मुरैना हत्याकांड की एक और आरोपी पुष्पा पकड़ी गई है। पुलिस ने उसे रविवार को उत्तर प्रदेश के इटावा से गिरफ्तार किया है। उस पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित था। पुष्पा ने ही अपने बेटे अजीत सिंह तोमर के हाथ में बंदूक देकर 9 लोगों पर गोलियां चलवाई थीं। वह बेटे को बता रही थी कि किस-किस को गोली मारनी है।
मामले में पुलिस ने पहले 9 आरोपी बनाए थे जबकि रज्जो का नाम बाद में जोड़ा गया। हत्याकांड के वायरल वीडियो में रज्जो भी अजीत को इशारा करते दिख रही है। धीर सिंह और रज्जो देवी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था।
पुष्पा के बाद सोमवार को इस हत्याकांड के चौथे आरोपी सोनू तोमर को भी राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया गया है। एसपी शैलेंद्र चौहान ने बताया कि वह वीरभान सिंह तोमर का बेटा और अजीत तोमर का भतीजा है। उससे पूछताछ की जा रही है। बाकी बचे 6 फरार आरोपियों पर पुलिस ने इनाम की राशि बढ़ाकर 30-30 हजार रुपए कर दी है। बता दें, मुरैना के लेपा गांव में शुक्रवार को 6 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। सभी आरोपियों पर 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।
हत्याकांड के ये 6 आरोपी अभी फरार-
हत्याकांड में शामिल भूपेंद्र पुत्र सोवरन सिंह तोमर, अजीत पुत्र वीरभान सिंह तोमर, श्यामू पुत्र धीर सिंह तोमर, मोनू पुत्र धीर सिंह तोमर, रामू पुत्र धीर सिंह तोमर और गौरव पुत्र सूरजभान सिंह तोमर फरार हैं। चंबल पुलिस महानिरीक्षक सुशांत कुमार सक्सेना ने इन सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की बात कही है। इन पर घोषित इनाम की राशि भी बढ़ा दी गई है।
रंजीत की मौत निश्चित है लिखा मिला-
मुरैना हत्याकांड में नई बात सामने आई है। गांव में पीड़ित परिवार के घर में बने कमरे की दीवार पर रंजीत की मौत निश्चित है लिखा मिला है। एसपी शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि इस मामले की जांच कराई जाएगी। रंजीत 2013 में हुए डबल मर्डर में मुख्य आरोपी है। उसी ने विवाद के बाद फायरिंग की थी। पांच साल सजा काटने के बाद वह जमानत पर बाहर है।
2013 में कचरा फेंकने से शुरू हुआ था विवाद-
लेपा गांव बागी पान सिंह तोमर के भिड़ौसा गांव से सटा है। यहां 10 साल पहले दोनों पक्षों में कचरा फेंकने को लेकर विवाद हुआ था। इस विवाद में आरोपी पक्ष के दो लोगों की हत्या कर दी गई थी। अब इसका बदला 6 लोगों के खून से लिया गया।