इंदौर। वित्तीय वर्ष 2019-20 की समाप्ति के पहले आरटीओ अपना खजाना भरने की तैयारी में जुट गया है। 31 मार्च के पहले एक करोड़ का राजस्व वसूली का लक्ष्य रखा गया है। इसके चलते शहर के 480 छोटे स्कूली वाहनों से टैक्स वसूला जाएगा। यह टैक्स एकमुश्त लाइफ टाइम चुकाना होगा।
परिवहन विभाग ने राजस्व लक्ष्य पूरा करने के लिए कार्रवाई तेज कर दी है। शहर के विभिन्न स्कूलों को आरटीओ ने इस संबंध में नोटिस भेजना शुरू कर दिया है। नोटिस में आटोरिक्शा सहित 12 प्लस 1 वाहनों को भी शामिल किया गया है। इसके पहले नए छोटे वाहनों के स्कूलों के लिए पंजीयन पर रोक लगाई जा चुकी है। स्कूली वाहनों के लिए एक बार टैक्स भरने से पहले इसका 12 रुपए प्रति सीट के अनुसार टैक्स लगाता था। नोटिस देने के बाद कई वाहन मालिकों ने शुल्क जमा करा दिया है। उधर, आरटीओ शुल्क जमा नहीं करने वाले वाहनों के रजिस्ट्रेशन रद्द करेगा। इसी दौरान आरटीओ सवारी वाहनों से भी टैक्स वसूली के लिए शीघ्र ही बड़ा अभियान चलाएगा। विदित रहे, कई बसों पर विभाग का हजारों रुपया बतौर टैक्स का बकाया है, जो लंबे तकादे के बाद भी वसूल नहीं हो पा रहा है। अब इन बड़े बकायादारों पर शिकंजा कसने की तैयारी हो गई है।
ई-रिक्शा के 500 परमिट बांटेंगे
शहर में पर्यावरण को बढ़ावा देने तथा संकरी गलियों तक सुलभ यातायात देने ई रिक्शा के संचालन पर जोर दिया जा रहा है। आरटीओ 500 ई रिक्शा के परमिट बांटने की तैयारी में जुट गया है। संकरे ई रिक्शा के अधिकांश परमिट युवतियों को दिए जाएंगे। शहर की स्लम बस्तियों में काफी संकरी गलियां है। इन गलियों में चौड़े लोकसेवा का संचालन बेहतर ढंग से नहीं हो पाता। कई गलियां आधा किलोमीटर तक फैली हुई है। ऐसे में इन गलियों में रहने वाले लोगों को लोकसेवा वाहन के लिए मुख्य मार्ग तक आना पड़ता है। अब निगम 3 से 4 फीट चौड़ी सड़क पर भी एक छोर से दूसरे छोर तक ई रिक्शा को दौड़ाएगा। इससे संकरी गलियों में रहने वाले लोगों को घर के सामने से ही रिक्शा का सफर मिल सकेगा।
इंदौर
480 छोटे स्कूली वाहनों से टैक्स वसूलेगा आरटीओ

- 16 Feb 2020