जयपुर। राजस्थान के जालोर जिले के सांचौर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां रहने वाला एक युवक एक-एक कर 56 ब्लेड निगल गया। उसकी हालत इतनी खराब हुई कि वह खून की उल्टियां करने लगा, साथियों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने उसकी सोनोग्राफी कराई तो वे भी हैरान रह गए। युवक के पेट में जगह-ब्लेड फंसे नजर आ रहे थे। ब्लेड से गले और पेट के अंदर जगह-जगह घाव हो गए थे। इसके बाद सात डॉक्टरों की टीम ने तीन घंटे तक ऑपरेशन कर के पेट से ब्लेड बाहर निकालीं।
दरअसल, 26 साल का यशपाल सिंह दाता का रहने वाला है। यशपाल सांचौर एक कंपनी में अकाउंटेंट है। वह बालाजी नगर में किराए पर कमरा लेकर चार दोस्तों के साथ रहता है। रविवार सुबह वे ऑफिस चले गए, यशपाल कमरे पर अकेला था। अचानक उसे खून की उल्टियां होने लगीं, इसके बाद उसने अपने एक दोस्त को कॉल कर कहा कि उसकी तबीयत खराब है। उसके दोस्त कमरे पर पहुंचे और उसे अस्पातल में भर्ती कराया।
खून की उल्टियां कर रहे यशपाल का मेडिप्लस हॉस्पिटल के डॉ. नरसी राम देवासी ने पहले एक्सरे कराया और फिर सोनोग्राफी भी कराई। इससे उसके पेट में बहुत सारे ब्लेड नजर आए। एंडोस्कोपी करने के बाद ये बात पक्की हो गई कि यशपाल के पेट में ब्लेड ही हैं। इसके बाद उसके ऑपरेशन की तैयारी की गई। सात डॉक्टरों की टीम ने तीन घंटे के ऑपरेशन के बाद यशपाल के पेट से 56 ब्लेड निकालीं। फिलहाल उसकी हालत ठीक है, डॉक्टर उसके स्वास्थ्य पर नजर रखे हुए हैं।
साभार अमर उजाला
जयपुर
56 ब्लेड निगल गया अकाउंटेंट

- 15 Mar 2023