नई दिल्ली। साइना नेहवाल इस साल होने वाले हांगझोऊ एशियाई खेल और बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय टीम का हिस्सा नहीं हो सकती हैं। साइना ने 15 से 20 अप्रैल तक केडी जाधव इंडोर हॉल में होने जा रहे इन खेलों के ट्रायल में भाग लेने से इंकार कर दिया है। बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि ट्रायल में जो शटलर भाग नहीं लेगा। उसे इन खेलों की टीम में शामिल नहीं किया जाएगा। इसका मतलब यह हुआ कि साइना राष्ट्रमंडल खेलों में अपने खिताब की रक्षा नहीं कर पाएंगी। बीएआई की चयन नीति के अनुसार ट्रायल से विश्व बैडमिंटन की रैंकिंग में टॉप 15 में शामिल शटलरों को छूट दी गई है, जिसके चलते विश्व नंबर सात पीवी सिंधू, नंबर नौ लक्ष्य सेन, नंबर 11 किदांबी श्रीकांत और नंबर छह सात्विक साईराज रैंकी रेड्डी-चिराग शेट्टी की जोड़ी को इन खेलों के लिए टीम में सीधे चयन मिल गया है।
प्रणीत, कश्यप समेत नामी शटलर उतरेंगे ट्रायल में
बीएआई ट्रायल के दौरान 2024 ओलंपिक खेलों के लिए सीनियर कोर समूह के संभावित खिलाड़ियों को भी अंतिम रूप देगा। एकल के लिए ट्रायल में बी साई प्रणीत, समीर वर्मा, परुपल्ली कश्यप, मालविका बंसोड़, अश्मित चालिहा, आकर्षी कश्यप, एन सिक्की रेड्डी, अश्वनी पोनप्पा, तस्नीम मीर, उन्नति हुडा, गायत्री गोपीचंद, त्रिशा जौली खेलेंगे। एकल में 43 पुरुष महिला शटलरों के अलावा 20 जोड़ियां युगल में उतरेंगी।
खेल
Badminton: राष्ट्रमंडल-एशियाई खेलों की टीम से बाहर हो सकती हैं साइना

- 13 Apr 2022