इंदौर। शहर के सभी बाजारों के खोले जाने के बाद अब दुकान खुलने का समय बढ़ाए जाने की मांग उठने लगी है। विपक्षी दल कांग्रेस ने शहर के सभी बाजारों का समय रात 10 बजे तक किए जाने की मांग उठाई है। कांग्रेस ने कहा है कि दुकानों का समय बढऩे से भीड़ कम रखने में मदद मिलेगी। वैसे भी रात या दिन के समय का कोरोना वायरस या संक्रमण से कोई संबंध नहीं है। कांग्रेस जल्द ही शासन-प्रशासन को जगाने के लिए हस्ताक्षर अभियान चलाएगी।
इंदौर शहर कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता सन्नी राजपाल और उपाध्यक्ष गिरीश चितले ने कहा कि कोरोना महामारी के कारण करीब दो महीने से शहर में लाकडाउन लगा हुआ था। लोगों की आर्थिक स्थिति बद से बदतर हो चुकी है। कई परिवारों में कमाने वालों की मृत्यु हो चुकी है। लोग लोन नहीं भर पा रहे हैं। स्कूल वालों ने आनलाइन क्लासेस शुरू कर फीस भरने के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया है। विद्युत मंडल ने भी बिजली बिल भरने के लिए लोगों को डराना-धमकाना शुरू कर दिया है। प्रशासन अपनी मनमानी कर रहा है छह बजे के तुगलकी निर्णय के कारण आज भी कई गरीब लोग नौकरी पर नही जा पा रहे है क्योंकि व्यापारी उनसे कहता है अभी जरूरत नहीं है।
इंदौर
बाजार रात 10 बजे तक खोलने की मांग-कांग्रेस
- 15 Jun 2021