इंदौर। आज अलसुबह चंदन नगर थाना क्षेत्र में एक परिवार पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। इस हमले में दो भाइयों की मौत हो गई, जबकि उनकी मां बुरी तरह घायल हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले में जांच करते हुए आरोपियों का पता लगाया और उनकी तलाश शुरू की। शुरूआजी जांच में पता चला कि जमीन पर कब्जे को लेकर आरोपियों से मृतकों का कल रात में भी विवाद हुआ था। दोनों पक्ष थाने पहुंचे थे और रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद आज अलसुबह करीब पांच बजे दूसरे पक्ष ने हथियारों से लैस होकर हमला कर दोनों भाइयों को मार डाला।
थाना प्रभारी चंदन नगर योगेशसिंह तोमर ने बताया कि घटना ग्रीन पार्क कालोनी के पीछे गरीब नवाज झुग्गी झोपड़ी इलाके की है। यहां रहने वाले 22 वर्षीय नईम पिता बशीर और उसके छोटे भाई छोटू की हत्या कर दी गई, जबकि इनकी मां हमले में बुरी तरह घायल हो गई। सुबह करीब पांच बजे पास में रहने वाले करीम व उसके परिवार के लोगों ने नईम के घर में घुसकर हथियारों से लैस होकर हमला कर दिया। शोर शराबा सुनकर आसपास के लोग बाहर निकले तो हमलावर यहां भाग निकले। लोगों ने डायल 100 को सूचना दी तो पुलिस मौके पर पहुंची।
मामले की शुरूआती जांच में पुलिस को पता चला कि यह झुग्गी झोपड़ी वाला इलाका पूरी तरह अवैध है। यहां पर कई लोगों ने टीन शेड ठोककर कब्जे कर लिए हैं। नईम और छोटू भी अपनी मां के साथ यहां पर रहते थे। नईम पास में ही खाली जमीन पर शेड ठोंककर कब्जा कर रहा था। गुरुवार रात को इसी कब्जे को लेकर उसका पास में रहने वाले यासिन और करीम से विवाद हुआ था। इसके चलते यासिन और करीम ने मिलकर उस पर हमला कर दिया था। इसके बाद दोनों पक्ष रिपोर्ट लिखाने थाने पहुंचे थे, जहां पुलिस ने नइम की रिपोर्ट यासिन, करीम, सुफियान और अरबाज के खिलाफ मारपीट का प्रकरण दर्ज किया था। वहीं यासिन के पक्ष की ओर से भी नईम व अन्य के खिलाफ प्रकरण दर्ज कराया गया था।
सोते में किया हमला, महिलाएं भी थी
देर रात दोनों पक्षों के लोग थाने में एक-दूसरे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद अपने-अपने घर आ गए। नइम और छोटू मां के साथ घर में जाकर सो गए। सुबह करीब पांच करीम के परिवार ने हथियारों से लैस होकर नईम और छोटू पर हमला कर दिया। इस दौरान उनकी मां बीच बचाव करने लगी तो उस पर भी हमला कर दिया। इस हमले में जहां दोनों भाई लहुलूहान होकर ढेर हो गए। वहीं उनकी मां भी घायल हो गई। उसे मृत समझकर सभी आरोपी यहां से भाग निकले। आसपास के लोगों ने बताया कि हमलावरों में महिलाएं भी शामिल थी। वहीं पुलिस का कहना है कि चाकू और लोहे की रॉड सहित अन्य धारदार हथियारों से हमला किया गया है।
अधिकारी मौके पर पहुंचे
दो युवकों की हत्या से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। हत्या की सूचना मिलते ही एसपी पश्चिम महेशचंद जैन, थाना प्रभारी चंदन नगर योगेशसिंह तोमर और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। एसपी के निर्देश पर आरोपियों की तलाश के लिए टीम बनाई गई है।
शहर से बाहर के हैं आरोपी
पुलिस को आसपास के लोगों से पूछताछ और जांच में पता चला कि आरोपी परिवार मूल रूप से अमरावती का रहने वाला है। आरोपियों ने यहां पर कब्जा कर लिया था और रहते थे। वहीं मृतक ने भी कब्जा कर रखा था। दोनों मृतक मजदूरी करते थे, वहीं इनकी बहन की शादी हो चुकी है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
इंदौर
इंदौर में डबल मर्डर, जमीन विवाद में दो भाइयों को मार डाला, महिला भी हुई घायल

- 04 Jun 2021