Highlights

DGR विशेष

अनलॉक डाउन में बदलेगा अपराधों का तरीका...घरों में अकेली महिलाएं बदमाशों के साफ्ट टारगेट

  • 14 Jun 2020

सूनसान रास्तों पर अभी से बढऩे लगी लूट की घटनाएं
इंदौर।  लाक डाउन खत्म होने के बाद अब अनलॉक का दौर चल रहा है, जिसमें शहर में तेजी से अपराधों का ग्राफ भी बढऩे लगा है। हत्या, चोरी और लूट चाकूबाजी जैसी वारदातों में इजाफा हुआ है। हालांकि पुलिस ने इन अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पहले से तैयारी कर रखी है और लगातार अपराधियों की धरपकड़ की जा रही है, लेकिन फिर भी अनेक बदमाश पुलिस को खुली चुनौती देते हुए घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। वहीं अब यह भी आशंका जताई जा रही है कि अपराधियों के अपराध करने का तरीका भी बदलेगा। उनके निशाने पर घरों में अकेली रहने वाली महिलाएं और सूनसान रास्तों से निकलने वाले लोग होंगे, जिन्हें आसानी से लूटा जा सकता है। हाल ही में चंदन नगर थाना क्षेत्र में दो और चंद्रावतीगंज में लूट की एक वारदात सूनसान रास्ते पर होना सामने आई है।
कोरोना से बचाव के लिए इतने दिनों तक लॉक डाउन होने के चलते सभी लोग अपन-अपने घरों में थे और लॉक  डाउन के दौरान अपराधों में भी कमी आई थी, लेकिन अनलॉक होते ही शहर में एकाएक अपराध बढऩे लगे। शहर में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी पहले ही आशंका जताई थी कि अनलॉक होने के बाद अपराधों में तेजी आएगी। इसके चलते पुलिस ने पहले से ही तैयारियां करते हुए जहां पुराने बदमाशों पर निगाह रखना शुरू कर दी थी, वहीं अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए सभी थाना प्रभारियों और क्राइम ब्रांच को जिम्मेदारी सौंपी। हालांकि इसके बाद भी शहर में अपराध कम नहीं हो रहे हैं और गुंडे-बदमाश लगातार चोरी, लूट, चाकूबाजी, हत्या जैसी वारदातों को अंजाम देते हुए लगातार पुलिस को चुनौती दे रहे हैं। दो दिन पहले ही जूनी इंदौर थाना क्षेत्र में कुख्यात फरार गुंडे ने अपने साथियों के साथ मिलकर निगम के एक सफाईकर्मी राहुल की गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना ने पुलिस की पूर्व से अपराध रोकने की तैयारियों की पोल खोल दी।
इनके साथ वारदात करना आसान
अब यह भी आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों के साफ्ट टारगेट में सबसे अधिक महिलाएं रहेंगी, जो या तो घरों में दिन के समय परिवारजनों के ड्यूटी पर जाने के बाद अकेली रहती है या फिर सूनसान कालोनियों में वॉक करती हैं। दरअसल बदमाशों की निगाह में इनके साथ चेन लूट, मोबाइल झपटना जैसी वारदातों को अंजाम देना आसान रहता है। इसके साथ ही सूनसान रास्तों पर अकेले दिखाई देने वाले लोग भी इन दिनों बदमाशों के निशाने पर हैं। गत दिनों चंद्रावतीगंज में सूनसान रास्ते पर एक किसान से चार बदमाशों ने 15 हजार रुपए लूट लिए थे। वहीं चार दिन पूर्व चंदन नगर थाना क्षेत्र में एक महिला के गले से चेन तथा दो दिन पूर्व एक युवक से इसी थाना क्षेत्र में मोबाइल लूटा गया।
ऐसे भी आ सकते हैं अपराधी
अधिकांश घरों में दिन के समय में महिलाएं अकेली रहती है। इन दिनों अपराधी स्वास्थ्य विभाग या बिजली वितरण कंपनी के कर्मचारी बनकर सर्वे करने या जांच के नाम पर घर पर आ सकते हैं। जांच के लिए वे महिलाओं को घर के दरवाजे खोलने के लिए मजबूर कर सकते हैं और इसी गलती में वे वारदात को अंजाम दे सकते हैं।
यह भी अपराध बढऩे के कारण
शहर में अपराधों पर नजर डालें तो अधिकांश अपराधों में नशा एक प्रमुख कारण सामने आता है। वर्तमान में भी नशे में और नशे के लिए कई तरह के अपराध हुए हैं। वहीं अब नशे के आदि हो चुके बदमाश अपनी इस लत को पूरा करने के लिए हर तरह के अपराध करने को मजबूर हैं। ऐसे में पुलिस के साथ-साथ नागरिकों को भी अब और भी सतर्कता बरतना होगी।
कालोनियों में सीसीटीवी कैमरों से निगाह
शहर की पॉश कालोनियों और सूनसान रास्तों पर लूट सहित अन्य वारदातें रोकने के लिए पुलिस सीसीटीवी कैमरों से निगाह रख रही है। साथ ही यह समझाश भी आमजन को दी जा रही है कि वे सतर्क रहे और अपने क्षेत्र में कोई भी संदिग्ध दिखाई दे तो तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी जाए।