Highlights

खंडवा

आस्था : पानी पर तैराकी कर निकाली कावड़ यात्रा

  • 31 Jul 2023

बच्चे, युवा और महिलाएं हुए शामिल, भीमकुण्ड महादेव का किया जलाभिषेक    
खंडवा। सावन महीने में देशभर में जगह-जगह कावड़ यात्रा निकाली जा रही। ऐसे में भगवान भोलेनाथ की आराधना के पवित्र माह सावन में आस्था के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। इस बीच खंडवा में भी कावड़ यात्रा का नया अंदाज देखने को मिला। यहां पर एक तैराक ग्रुप ने पानी के अंदर तैरते हुए कावड़ यात्रा निकाली। इससे पहले भी खंडवा का यह तैराकी ग्रुप पानी में तैरते हुए तिरंगा यात्रा निकाल चुका है, जिसकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ट्वीट कर सराहना की थी।
खंडवा के गणगौर घाट पर लहरों के राजा ग्रुप द्वारा सावन के महीने में रविवार के दिन विशेष कावड़ यात्रा निकाली गई। यह कावड़ यात्रा आस्था और भक्ति के साथ पानी में तैरते हुए गणगोर घाट से प्राचीन भीमकुंड महादेव मंदिर तक पहुंची। लहरों के राजा ग्रुप के तैराकी सदस्यों द्वारा भगवान भीमकुंड महादेव का पवित्र नदियों के जल से जलाभिषेक किया गया। इस कावड़ यात्रा में महिलाएं, बच्चे और युवा सम्मिलित हुए। लहरों के राजा ग्रुप के राजकुमार सिसोदिया ने बताया कि लहरों के राजा ग्रुप द्वारा कई वर्षों से गणगौर घाट पर तैराकी की प्रैक्टिस की जा रही है। हमारे ही द्वारा पहले पानी में तिरंगा यात्रा भी निकाली गई थी, जिसको लेकर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ट्वीट कर ग्रुप के सदस्यों को बधाई दी थी।
इसके साथ ही हमारे द्वारा योग दिवस पर पानी में तैरते हुए योग किया गया और अब उसके बाद ग्रुप के सभी सदस्यों ने मिलकर पानी पर तैराकी कर प्राचीन भीमकुंड तक पहुंचकर वहां स्थित भीम कुंड महादेव का जलाभिषेक किया। यह ऐसी कावड़ यात्रा थी जो पानी में तैरकर भीम कुंड महादेव पहुंची। सभी सदस्यों ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया और बोल बम के जयकारों के साथ भक्तों ने इस जलाभिषेक में शामिल होकर शहर, राज्य और देश के सुख-समृद्धि की कामना की। पानी में तैरते हुए निकाली गई इस अनोखी जल कावड़ यात्रा में भीमकुंड महादेव मंदिर पर सभी भक्तों द्वारा भगवान भोले के जयकारों के जयघोष के साथ भक्ति का अनोखा संगम देखने को मिला।