नई दिल्ली। मौसम तेजी से करवट ले रहा है। उत्तर भारत समेत देश के कई हिस्सों में ठंड बढ़ती जा रही है। राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली का भी कुछ ऐसा ही हाल है। मंगलवार सुबह दिल्ली में धुंध की एक परत छाई रही। सीपीसीबी के अनुसार कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक 'बहुत खराब' श्रेणी में बना हुआ है। दिल्ली की वायु गुणवत्ता में सोमवार को कुछ सुधार देखा गया था और यह ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के ताजा आंकड़ों में यह जानकारी दी गई। इसके अनुसार, सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 281 दर्ज किया गया, जबकि रविवार को शाम चार बजे यह 318 था। इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बताया कि न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से 2.7 डिग्री अधिक है।
हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले भागों में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मौसम फिर बिगड़ सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य के पांच जिलों लाहौल-स्पीति, चंबा, कांगड़ा, किन्नौर और कुल्लू के ऊंचे इलाकों में 30 नवंबर को हल्की बारिश-हिमपात का पूर्वानुमान है। अगले 7 दिनों के दौरान राज्य के बाकी हिस्सों में मुख्य रूप से शुष्क मौसम रहेगा। उधर, बीते दिनों हुई बर्फबारी से जनजातीय क्षेत्रों में शीतलहर बढ़ गई है। राज्य के चार स्थानों का न्यूनतम तापमान माइनस में चल रहा है। अगले 2 दिनों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। उसके बाद के तीन दिनों में राज्य के कुछ हिस्सों में लगभग दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी। शिमला में न्यूनतम तापमान 9.0, सुंदरनगर 5.5, भुंतर 3.5, कल्पा 0.6, धर्मशाला 10.0, ऊना 6.2, नाहन 10.1 और केलांग -4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
लाइव हिन्दुस्तान