चंडीगढ़। पंजाब की चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में लड़कियों के आपत्तिजनक वीडियो को लेकर खड़ा हुआ विवाद अब थमता नजर आ रहा है। छात्रों ने इस मामले को लेकर अपना धरना-प्रदर्शन खत्म करने का फैसला किया है। दरअसल, विश्वविद्याल प्रसाशन ने प्रदर्शनकारी छात्रों की मांगों को मान लिया है। इस पर सहमति बनी है कि धरना-प्रदर्शन में शामिल किसी छात्र पर कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। साथ ही 2 हॉस्टल वार्डन को सस्पेंड कर दिया गया है।
फिलहाल, चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी को 6 दिन (24 सितंबर) के लिए बंद कर दिया गया है। कई छात्र अपने घर भी जाने लगे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हॉस्टल की टाइमिंग बदल दी गई है। साथ ही लड़िकयों के हॉस्टल में पहनावे पर कोई पाबंदी नहीं लगाई जाएगी। इसके अलावा, इस मामले में छात्रों की 10 सदस्यीय कमेटी का गठन होगा, जिसे केस से जुड़े हर एक अपडेट दिए जाएंगे।
शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने एक छात्रा को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश से 23 वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार किया गया है जिसे उस छात्रा का बॉयफ्रेंड बताया जा रहा है। युवक को गिरफ्तार कर उसे पंजाब पुलिस के हवाले कर दिया गया है। हिमाचल प्रदेश पुलिस ने इस मामले में 31 वर्षीय एक अन्य व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया है। इस तरह अब तक मौजूदा मामले में तीन गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।
साभार लाइव हिन्दुस्तान
चंडीगढ़ + पंजाब
चंडीगढ़ एमएमएस कांड - छात्रों का धरना-प्रदर्शन खत्म, 2 वॉर्डन हुए सस्पेंड, यूनिवर्सिटी 6 दिन के लिए बंद

- 19 Sep 2022