नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार इलाके में छह साल की मासूम के साथ दरिंदगी का मामला सामने आया है। पड़ोस में रहने वाला 30 वर्षीय युवक मासूम को बहला-फुसला कर एक खाली कमरे में ले गया। वहां वारदात को अंजाम दिया। वारदात के बाद आरोपी ने किसी को कुछ बताने पर मासूम को जान से मारने की धमकी दी। इस सिलसिले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
देर शाम उसकी तबीयत बिगड़ी तो परिवार को इसका पता चला। बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने मामले में लापरवाही बरती और इसको गंभीरता से नहीं लिया। देर रात को इलाके में खबर फैली तो कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौधरी एलबीएस अस्पताल बच्ची का हाल जानने पहुंच गए।
अनिल ने भी पुलिस पर लापरवाही बरतने के आरोप लगाए। वहीं पुलिस अधिकारियों ने किसी भी तरह की लापरवाही बरने की बात से इंकार किया है। जानकारी के अनुसार, छह साल की मासूम अपने परिवार के साथ मयूर विहार थाना क्षेत्र के त्रिलोकपुरी में रहती है। इसके परिवार में माता-पिता के अलावा अन्य सदस्य हैं। वारदात बुधवार सुबह करीब 11 बजे की है। मासूम अपने घर के पास ही खेल रही थी।
इस बीच पड़ोस में रहने वाला 30 वर्षीय तमिलनाडु निवासी युवक बच्ची को मिठाई दिलाने की बात कर अपने कमरे पर ले गया। वहां आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। किसी को कुछ भी बताने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। बच्ची बुरी तरह डर गई। शाम के समय उसकी तबीयत बिगड़ी तो बच्ची ने परिजनों को सारी बात बताई। मासूम को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां उसके साथ गलत काम होने का पता चला। परिजनों ने शाम करीब चार बजे पुलिस को खबर दी।
साभार- अमर उजाला