बेटा बोला-पापा परेशान थे, निगम ने अटकाया 70 लाख का बिल; दीदी की शादी नजदीक
जबलपुर। जबलपुर में एक ठेकेदार ने अपनी 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना गुरुवार सुबह गोहलपुर थाना इलाके के बधाइयां मोहल्ले की है।
56 वर्षीय भगवान सिंह ठाकुर ने अपने कमरे में सुबह 10.30 बजे सुसाइड किया। पुलिस और टीम ने घटनास्थल की जांच की है। मौके से सुसाइड नोट भी मिला है। ठाकुर नगर निगम के अलावा रेलवे में भी ठेकेदारी का काम करते थे।
उनके बेटे हर्ष सिंह ठाकुर ने बताया कि मई 2023 से नगर निगम में किए गए कामों की ऐवज में लाखों रुपए का पेमेंट अटका है। 60 से 70 लाख रुपए फंसे हैं। निगम के अकाउंट आॅफिसर पापा का बिल पास नहीं कर रहे थे। इसे लेकर वे कई बार नगर निगम के बड़े अधिकारियों से भी मिले, लेकिन समस्या का हल नहीं हुआ।
हर्ष के मुताबिक, बड़ी बहन की शादी 18 फरवरी को तय है। ऐसे में पिता पैसों के इंतजाम को लेकर परेशान थे। कई मर्तबा उन्होंने अपनी समस्या घर में भी बताई। उन्होंने यह भी बताया था कि नगर निगम के कई दिन से चक्कर काट रहे हैं, लेकिन बिल पास नहीं हो रहा है।
महापौर बोले- जानकारी लेकर करेंगे कार्रवाई
महापौर जगत बहादुर अन्नू ने कहा, ह्यऐसा बताया जा रहा है कि पेमेंट अटकने का मामला है। मुझे पूरी जानकारी नहीं है। जानकारी लेंगे और अगर कहीं गलती होगी, किसी की कमी होगी तो उस पर कार्रवाई भी निश्चित होगी।
जबलपुर
ठेकेदार ने गोली मारकर सुसाइड किया
- 12 Jan 2024