Highlights

मुरैना

पुलिस ने खदेड़े उपद्रवी, पहाडग़ढ़ में पंचायत चुनाव में गड़बड़ी फैला रहे थे उपद्रवी

  • 09 Jul 2022

मुरैना। मुरैना में तृतीय चरण के मतदान के दौरान पहाडग़ढ़ ब्लॉक के लुपिया व पछेया गांवों में उपद्रवियों ने गड़बड़ी फैलाने की कोशिश की। ये उपद्रवी मतदान केन्द्र पर पोल डंप करने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस को जब इसकी भनक लगी तो पुलिस ने उन्हें घर से निकालकर खदेड़ा। बता दें, कि पहाडग़ढ़ का क्षेत्र बूथ केप्चरिंग व मतदान के दौरान गड़बड़ी करने के लिए प्रसिद्ध माना जाता है। यहां ये मानकर चला जाता है कि चुनाव में गड़बड़ी हर हाल में होती है। इसी के मद्देनजर एसपी आशुतोष बागरी ने पहाडग़ढ़ क्षेत्र में पुलिस बल को सतर्क रहने के आदेश दे दिए थे। उन्होंने स्पष्ट आदेश दिए कि जो अगर कहीं भी गड़बड़ी की आशंका लगें, तो उपद्रवियों को घर से बाहर निकालकर खदेड़ दें, क्योंकि उपद्रवी अपने घरों में एकत्रित होकर बूथ केप्चरिंग की प्लानिंग करते तथा वारदात करने के बाद घरों में वापस दुबक जाते थे। इसलिए फोर्स ने पुलिया व पछेया गांवों में उपद्रव करने वाले ग्रामीणों के घर में घुसकर उन्हें वहां से भागने को मजबूर कर दिया।
पूरे दिन नजर नहीं आओ कहीं भी
पुलिस ने उपद्रवियों को जहां खदेड़ा वहीं उन्हें साफ चेतावनी दी कि चुनाव वाले पूरे दिन वह कहीं भी नजर नहीं आएं। कुछ उपद्रवियों ने बूथ केप्चरिंग की कोशिश भी की लेकिन वे सफल नहीं हो सके। पुलिस ने उन्हें भागने पर मजबूर कर दिया।