हिमालय में बर्फबारी नहीं होने का असर; कल से नॉर्थ-ईस्ट मानसून, फिर कड़ाके की ठंड
भोपाल। मध्यप्रदेश में पड़ रही हल्की ठंड पर ब्रेक लग गया है। हिमालय में बर्फबारी नहीं होने का सीधा असर मौसम पर पड़ा है। दिवाली के दूसरे दिन से वातावरण में हल्की सी गर्मी महसूस हो रही है। दिन-रात के तापमान में भी उछाल देखने को मिला है। मौसम वैज्ञानिक अशफाक हुसैन ने बताया कि अभी 5 दिन तक इसी तरह का तापमान रहेगा। इससे पहले दिवाली पर हिमालय में हो रही बर्फबारी के कारण ठंड पड़ रही थी।
मौसम वैज्ञानिक हुसैन का कहना है कि पश्चिम विक्षोभ (पाकिस्तान से आ रही हवाएं) अभी कमजोर हैं। हवाएं हिमालय के काफी ऊपर से जा रही हैं। यही कारण है कि मौसम शुष्क होने के बाद भी ज्यादा ठंड नहीं पड़ रही। हिमालय में बर्फबारी नहीं होने से हवाएं स्ट्रांग नहीं हैं। बर्फबारी होने से हवाएं स्ट्रांग होंगी और यह नीचे की तरफ आएंगी। इसके बाद मध्यप्रदेश में ठंडक का असर दिखाई देने लगेगा।
29 अक्टूबर से नॉर्थ-ईस्ट मानसून
हुसैन ने बताया कि अभी साउथ ईस्ट मानसून था, अब 29 अक्टूबर से नॉर्थ ईस्ट मानसून शुरू हो रहा है। इससे तमिलनाडु, कर्नाटक और केरल के कई इलाकों में अच्छी बारिश होगी। हालांकि मध्यप्रदेश में बारिश के आसार नहीं हैं। इसके बाद ही मध्यप्रदेश में कड़ाके की ठंड पडऩा शुरू होगी। मौसम विभाग के अनुसार दिसंबर, जनवरी और फरवरी में अच्छी सर्दी रहती है।
रात का पारा 16 डिग्री से नीचे और दिन में 32 डिग्री से ऊपर
फिलहाल तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो दिन का पारा 32 से 34 डिग्री के बीच रहेगा, जबकि रात का तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा। अभी कई इलाकों में तापमान 14 डिग्री के नीचे आ गया था, जबकि दिन का तापमान 32 डिग्री के नीचे आ गया था। अब फिर से इसमें 2 से 3 डिग्री का उछाल हो रहा है।
48 घंटे में ही मौसम बदला
मध्यप्रदेश में बीते 48 घंटे में मौसम में बदलाव देखने को मिला है। दिवाली तक दिन-रात का पारा सामान्य से 3 डिग्री तक नीचे आ गया था। उसके बाद यह 2 से 3 डिग्री ऊपर चला गया है। इस कारण दिन और रात में हल्की गर्मी का अहसास होने लगा है। हालांकि अभी भी सुबह-सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक महसूस हो रही है।
अधिकतम तापमान नीचे आने लगा
मध्यप्रदेश में 20 अक्टूबर से 26 अक्टूबर तक अधिकतम तापमान की बात करें, तो इसमें ज्यादा गिरावट दर्ज की गई है। 10 संभागों में से नर्मदापुरम में बीते 4 दिन से दिन का तापमान सामान्य से नीचे चल रहे हैं, जबकि जबलपुर, सागर में 2-2 दिन का पारा सामान्य से कम रहा। भोपाल-ग्वालियर में 25 अक्टूबर को दिन का पारा सामान्य से नीचे आया। इंदौर, रीवा, शहडोल और उज्जैन में यह सामान्य बने हुए हैं।
रात का पारा सामान्य
दिन की अपेक्षा रात का पारा सामान्य रहा है। भोपाल संभाग में तीन बार रात का पारा सामान्य से नीचे आया है। नर्मदापुरम और जबलपुर में एक-एक बार रात का पारा नीचे आया। इंदौर में 21 अक्टूबर को रात का पारा सामान्य से ऊपर चला गया था। इसके अलावा, प्रदेश भर में रात का पारा सामान्य बना हुआ है।
भोपाल
फिलहाल गुलाबी ठंड पर ब्रेक
- 28 Oct 2022