ग्वालियर। ग्वालियर में बेटा नहीं होने पर युवक ने पत्नी की हत्या कर दी। वह सफाई करने के बहाने पत्नी को दूसरे घर ले गया। वहां उसका गला घोंट दिया। पत्नी बेहोश हुई तो मरा समझकर बाहर से ताला लगाकर भाग गया। महिला ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया।
वारदात 13 दिसंबर की है। मंगलवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारण की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बताया- आरोपी दशरथ पाल (33) मुरार स्थित सुतारपुरा में परिवार के साथ रहता है। उसकी दो बेटियां (4 और 6 साल) हैं। परिवार का एक मकान सिरोल थाना स्थित हुरावली गणेश डेयरी के पास भी है। फिलहाल, वहां कोई नहीं रहता। परिवार के लोग सप्ताह में एक बार साफ-सफाई करने जाते हैं। वारदात के दिन सुबह 8.30 बजे आरोपी पत्नी सृष्टि पाल (29) को वहीं लेकर गया था।
पड़ोसी का फोन कॉल आया तो पहुंचा देवर-
13 दिसंबर को सुबह 11 बजे दशरथ के छोटे भाई मनीष पाल को हुरावली में रहने वाले पड़ोसी पप्पू फौजी का कॉल आया। उसने बताया- तुम्हारे घर पर ताला लगा है, लेकिन अंदर से महिला के रोने की आवाज आ रही है। इस पर मनीष वहां पहुंचा। दरवाजे पर लगा ताला तोड़कर अंदर गया। कमरे में भाभी सृष्टि बेहोश जमीन पर पड़ी थी। गले में चोट का निशान था।
मनीष ने सृष्टि को हॉस्पिटल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान 14 दिसंबर को सृष्टि ने दम तोड़ दिया। सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम करवाया। मर्ग कायम कर मामला जांच में लिया।
भाई का आरोप- फंदे पर लटका दिया था
सृष्टि के भाई अजय कुमार बघेल ने पुलिस को बताया, ह्यबहन की शादी करीब नौ साल पहले हुई थी। उसकी दो बेटियां हैं। बहनोई बेटा चाहता था। आए दिन इसी बात पर ताना देता था। कई बार बेरहमी से बहन को पीटता भी था।
वारदात से तीन दिन पहले भी बहन के साथ मारपीट की थी। उसे मारने के लिए गले में फंदा तक डाल दिया था। ऐन मौके पर सृष्टि का देवर मनीष आ गया। उसने बचा लिया। यह बात सृष्टि ने ही हमें बताई थी।
5 दिन बाद केस, आरोपी गिरफ्तार
19 दिसंबर को इस मामले की शॉर्ट पीएम रिपोर्ट पुलिस को मिली। इसमें पता चला कि महिला की गला दबाकर हत्या की गई है। पुलिस ने सृष्टि के ससुराल और मायके वालों के बयान लिए।
एएसपी निरंजन शर्मा का कहना है कि मायके पक्ष के बयान और साक्ष्य के आधार पर गला घोंटकर हत्या करने का खुलासा हुआ है। दशरथ पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
ग्वालियर
बेटा नहीं हुआ तो पत्नी का गला घोंटा, सूने मकान में बंदकर भाग निकला पति
- 20 Dec 2023