बेंगलुरु. ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पूर्व कप्तान स्टीव स्मिथ (131) के शतक की बदौलत 9 विकेट पर 286 रन बनाए। इसके जवाब में भारत ने 47.3 ओवर में 3 विकेट खोकर 289 रन बनाते हुए 15 गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। रविवार को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में मिली इस शानदार जीत के साथ भारत ने अपनी मेजबानी में 3 मैचों की वनडे सीरीज 2-1 से जीत ली।
रोहित शर्मा ने टीम इंडिया को मजबूत शुरुआत दी और 119 रन की पारी खेली। उन्होंने 128 गेंदों पर 8 चौके और ताबड़तोड़ 6 छक्के लगाए। करियर का 29वां वनडे शतक लगाने वाले रोहित ने ओपनर लोकेश राहुल (19) के साथ 69 रन की ओपनिंग पार्टनरशिप की। राहुल को एश्टन एगर ने शिकार बनाया। उन्होंने 27 गेंदों पर 2 चौके लगाए।
भारत को पहला झटका 69 के स्कोर पर लगा। इसके बाद अपने नियमित नंबर-3 पर कैप्टन विराट कोहली उतरे। कोहली और रोहित ने जीत की नींव रखी और दूसरे विकेट के लिए 137 रन की शानदार साझेदारी की। रोहित को एडम जम्पा ने शिकार बनाया और मिशेल स्टार्क ने उन्हें लपका। भारत का दूसरा विकेट 206 के स्कोर पर गिरा। रोहित ने इसी के साथ वनडे इंटरनैशनल फॉर्मेट में 9000 रन भी पूरे किए।
टीम इंडिया के कैप्टन विराट कोहली 89 रन के निजी स्कोर पर बोल्ड हो गए। उन्हें जोश हेजलवुड ने शिकार बनाया। विराट ने 91 गेंदों की अपनी पारी में 8 चौके लगाए। इसके बाद मनीष पांडे (8*) ने 48वें ओवर की तीसरी गेंद पर विजयी चौका लगाया। श्रेयस अय्यर 35 गेंदों पर 44 रन बनाकर नाबाद लौटे। उन्होंने 6 चौके और 1 छक्का लगाया।
खेल
भारत 7 विकेट से जीता, ऑस्ट्रेलिया को हरा सीरीज पर 2-1 से कब्जा

- 20 Jan 2020