पटना। बिहार के पटना जिले में भवन निर्माण विभाग के एक कर्मचारी की उसके घर के दरवाजे पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात खगौल थाना इलाके के चरघरवा मोड़ के समीप मंगलवार की रात हुई। मृतक की बहन ने अपनी भाभी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है। बताया जा रहा है कि सरकारी कर्मी का अपनी पत्नी से विवाद चल रहा था। पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान पप्पू के रूप में हुई है। वह खगौल में किराये के मकान में रहता था। वह मूल रूप से हवाईअड्डा थाना इलाके के कौशल्यानगर का रहने वाला था। अपराधियों ने एक-एक कर उसके उपर कई गोलियां बरसाईं, जिससे मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। खगौल थानेदार फूलदेव चौधरी के मुताबिक पप्पू का पत्नी के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस कई पहलुओं पर इस घटना की छानबीन कर रही है।
पप्पू की शादी डेढ़ साल पहले नेहा कुमारी के साथ हुई थी। उसकी पत्नी ससुराल मे न रह कर मायके में रहती थी। खगौल थानेदार के मुताबिक पप्पू ने ससुराल में रहने से मना कर दिया तो पत्नी ने उसे नोटिस भिजवा दिया था। दोबारा वह ससुराल के बगल में किराये का कमरा लेकर पत्नी के साथ रहने लगा। एक जमीन खरीदने के बाद पत्नी के साथ उसका तनाव बढ़ गया।
वारदात के बाद मृतक की बहन संगीता देवी के बयान पर पप्पू की पत्नी समेत ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ नामजद केस दर्ज किया गया है। एसएसपी राजीव मिश्रा के मुताबिक हत्याकांड में कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। सभी पहलुओं पर घटना की तफ्तीश की जा रही है।
साभार लाइव हिन्दुस्तान
पटना
भवन निर्माण विभाग के कर्मचारी की गोली मारकर हत्या

- 07 Dec 2023