Highlights

ग्वालियर

मां के अंतिम संस्कार के दूसरे दिन छत्री पहुंचे सिंधिया

  • 18 May 2024

राजमाता माधवी की अस्थियों का संचय किया, निभाई रस्में; कलश नेपाल, प्रयागराज, उज्जैन भेजे जाएंगे
ग्वालियर।  मां माधवी राजे के अंतिम संस्कार के दूसरे दिन शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया छत्री मैदान पहुंचे। यहां उन्होंने नम आंखों से रस्में निभाईं। राजमाता की अस्थियों का संचय किया। अगले 9 दिन के लिए अस्थि कलश को छत्री मैदान के माधव बाग में रखा गया है।
अस्थियों को अलग-अलग कलशों में नेपाल, उज्जैन और प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) ले जाकर विसर्जित किया जाएगा। 15 मई सुबह 9.28 बजे दिल्ली एम्स में राजमाता ने अंतिम सांस ली थी। गुरुवार को छत्री मैदान में वे पंचतत्व में विलीन हो गईं।
अस्थि कलश संचय के दौरान सिंधिया के बेटे महानआर्यमन सिंधिया, परिवार के करीबी लोग, मंत्री तुलसीराम सिलावट, मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर मौजूद रहे। यहां और भी लोग पहुंचे थे, लेकिन उन्हें बाहर ही रोक दिया गया।
घर में शुद्धिकरण के बाद मेहमानों का आना-जाना शुरू होगा
राज परिवार के करीबी बाल खांडे ने बताया कि अस्थि संचय के बाद घर में शुद्धिकरण किया जाएगा और कुछ क्रियाएं होंगी। इसके बाद सिंधिया महल में वीवीआईपी मेहमानों के आने - जाने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। परिवार के लोग 9 दिन तक प्रतिदिन शाम 7 बजे तक आने वालों के लिए बैठेंगे। स्थानीय प्रशासन से कई कैबिनेट मिनिस्टर के आॅफिस से कार्यक्रम की डिटेल मांगी गई है।
अव्यवस्थाओं पर नाराज हुए मंत्री सिलावट
अस्थि संचय के लिए पहुंचे मंत्री तुलसीराम सिलावट को मौके पर व्यवस्थाओं में कुछ कमी दिखी। उन्होंने वहीं से जिम्मेदार अधिकारियों को फोन लगाया। सिलावट ने कहा कि अंतिम संस्कार के समय की गई व्यवस्थाएं ठीक नहीं थीं। लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। महिलाओं के लिए अलग से बैठने या लाइन की कोई व्यवस्था नहीं थी। लोग पानी न मिलने के कारण परेशान होते हुए नजर आए।
दूध, दही, पानी से शांत की चिता; पंचगव्य से शुद्धि
राजपुरोहित चंद्रकांत शिंदे ने बताया, ह्यआज तीसरा दिन है। तीसरे दिन फूल उठाए जाते हैं। सिंधिया ने दही, दूध, पानी मिलाकर चिता को शांत किया, इसके बाद पंचगव्य से शुद्धि की है। फूलों को थैली में रखा गया है। अस्थियां तीन कलशों में पेड़ पर रखी गई हैं।ह्ण
केंद्रीय मंत्री सिंधिया का ये रहेगा शेड्यूल
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया 18 मई, 19 मई, 23 मई, 24 मई, 25 मई, 26 मई को जय विलास पैलेस में रहेंगे। वे इन दिनों में सुबह 11 से दोपहर 1 बजे और दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक लोगों से मुलाकात करेंगे।