Highlights

प्रमुख खबरें

मुंबई में बैठा हैकर कर रहा वैक्सीन स्लॉट बुक

  • 18 May 2021

आईजीसे की शिकायत, लैपटॉप में हैकर द्वारा की गई गतिविधि को भी दिखाया
इंदौर। कोरोना की जंग को जीतने के लिए सबसे बड़े हथियार के रूप में देखे जा रहे वैक्सीनेशन पर अब हैकर्स की निगाहें पड़ गई हैं।  पोर्टल पर हो रहे रजिस्ट्रेशन स्लॉट खुलने के साथ ही फुल हो रहे हैं। इसे लेकर साइबर लॉ स्टूडेंट ने पड़ताल की तो उसे पता चला कि मुंबई का कोई व्यक्ति साइट को हैक कर रहा है। इसकी पूरी जानकारी उसने आईजी हरिनारायण चारी मिश्रा को दी है। आईजी का कहना है कि अभी हैकिंग को लेकर कुछ कहना जल्दबाजी होगी। हां एक युवक ने कुछ तत्थों के साथ जानकारी दी है। साइबर एक्सपर्ट उसे जांच रहे हैं। यदि यह सत्य पाया गया तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इंदौर में 18 प्लस के वैक्सीनेशन के शुरू होते ही ऑनलाइन स्लॉट बुक करने में परेशानी खड़ी हो गई थी। काफी मशक्कत के बाद भी लोग रजिस्ट्रेशन नहीं करवा पा रहे थे। साइट ओपन होते ही स्लाट फुल शो होने लगता था। लोगों ने साइट के हैक होने की आशंका जताते हुए शिकायत की थी। इतना ही नहीं जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. प्रवीण जडिय़ा ने भी कलेक्टर से साइट हैकिंग की शिकायत की थी।
साइबर लॉ प्रोफेशनल आयुष तिवारी भी उन 18 प्लस वाले युवाओं में शामिल हैं जो कोरोना का टीका जल्द से जल्द लगवाना चाहते हैं। वे भी कुछ दिन से स्लॉट बुक करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन हो नहीं पा रहा था। कई बार उन्होंने कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो पाए। ऐसे में वैक्सीनेशन के बारे में पता करने पास के जोन पर पहुंचे। यहां पर वैक्सीनेशन की प्रक्रिया चल रही थी। यहां उन्होंने पता किया तो कुछ युवा एक सोशल ग्रुप के स्लॉट बुक करने की बात कह रहे थे। वहां पर उन्हें ऐसे करीब 10 युवक मिले। उन्होंने आयुष से कहा कि वह भी उस ग्रुप से जुड़ जाए और स्लॉट बुक करवा ले। वे लोग उस ग्रुप को अपने परिचितों को शेयर कर कह रहे थे कि इससे देख लो कैसे स्लॉट बुक करना है। इसके बाद आयुष ग्रुप की जानकारी लेकर घर लौट आया।
साइबर एक्सपर्ट होने के नाते आयुष ने उस ग्रुप को खंगालना शुरू किया तो पता चला कि मुंबई का रहने वाला कोई हैकर सत्यम गोयल है। जो टेलीग्राम ग्रुप के जरिए वेब एपीआई एक्सेस से वैक्सीनेशन साइड को गैरकानूनी तरीके से एक्सेस कर रहा है। जैसे ही साइट ओपन होती है, वह अवैध तरीके से सभी स्लॉट बुक कर लेता है। स्लॉट बुक करने के बाद वह ग्रुप से जुड़े लोगों को स्लॉट बुकिंग दे देता है। यह सब जानकारी निकालने के बाद सोमवार को आयुष आईजी हरिनारायण चारी मिश्रा के पास पहुंचा और उनके सामने ही लैपटॉप पर पूरी प्रक्रिया को बताते हुए उन्हें तथ्यों के साथ पूरी जानकारी दी। साइबर लॉ प्रोफेशनल आयुष तिवारी ने बताया कि उन्होंने पूरे मामले की जानकारी आईजी को दी है। उन्होंने कहा है कि वे इसे साइबर सेल को भेज रहे हैं। मैंने आईजी को हैकर का नाम, नंबर, आईडी, ग्रुप की लिंक दी है। हैकिंग की प्रोसेस कुछ ज्यादा कठिन नहीं है। टेलीग्राम एक सर्विस प्रोवाइड करवाता है। इस सर्विस को वह गैरकानूनी तरीके से लोगों तक पहुंचा रहा है। उसके पास सबकी जानकारी पहुंच रही है।
आईजी बोले - पुलिस जांच कर रही, यह दंडनीय अपराध
आईजी हरिनारायण चारी मिश्रा ने बताया कि एक व्यक्ति ने इस संबंध में कुछ जानकारियां जुटाई हैं। उन्होंने संबंधित व्यक्ति की चैटिंग सहित अन्य जानकारी पुलिस को दी है। वैक्सीनेशन की साइट पर कुछ लोगों ने अवैध रूप से एक्सेस कर रखा है। विभिन्न ग्रुप के जरिए वे छेड़छाड़ कर सकते हैं। वैक्सीनेशन की प्रक्रिया को बाधित कर सकते हैं। मामले में साइबर एक्सपर्ट तत्थों को जांच रहे हैं। जांच के बाद ही इसकी पुष्टि की जाएगी।