Highlights

मुंबई

महाराष्ट्र में कांग्रेस को झटका देने की तैयारी में शिंदे के मंत्री

  • 22 Aug 2022

मुंबई। महाराष्ट्र के कृषि मंत्री अब्दुल सत्तार ने रविवार को नांदेड़  में कांग्रेस के दिग्गज नेता अशोक चव्हाण के साथ बंद कमरे में मुलाकात की जिसके बाद से राज्य की सियासत गरमा गई है। इसके बाद से कई अटकलें लगने लगीं। राजनीतिक गलियारों में इसके कई मायने निकाले जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि मंत्री अब्दुल सत्तार समीक्षा बैठक में शामिल होने के तुरंत बाद अशोक चव्हाण से मिलने उनके आवास पर गए। उन्होंने लगभग आधे घंटे तक एक कमरे में बात की, जहां किसी भी पार्टी कार्यकर्ता को अनुमति नहीं दी गई थी।
चव्हाण से मार्गदर्शन लेने आया था: अब्दुल सत्तार
मीडिया से बात करते हुए सत्तार ने कहा कि चव्हाण और उनके दिवंगत पिता, पूर्व केंद्रीय मंत्री शंकरराव चव्हाण ने उनकी राजनीतिक यात्रा में उनका मार्गदर्शन किया था। सत्तार ने कहा कि उनके (चव्हाणों) की वजह से वह राजनीति में वर्तमान ऊंचाइयों को प्राप्त कर सके। चव्हाण को मराठवाड़ा और पूरे महाराष्ट्र के बारे में अच्छी जानकारी और समझ है। वह किसानों के मुद्दों से भी अच्छी तरह वाकिफ हैं। उनका आशीर्वाद लेने के अलावा, मैं कृषि मंत्री के रूप में अपना पोर्टफोलियो संभालने के लिए उनका मार्गदर्शन मांगूंगा।
यह सत्तार की केवल शिष्टाचार भेंट थी: अशोक चव्हाण
चव्हाण ने भी बैठक को लेकर लगाई जा रहीं अटकलों पर जवाब देते हुए कहा कि यह सत्तार की केवल शिष्टाचार भेंट थी और दो दलों के नेताओं के बीच बैठक में कुछ भी गलत नहीं है। हाल ही में, चव्हाण के अपने पार्टी नेतृत्व से नाराज होने की खबरें आई थीं, जिसने उन्हें एक कारण बताओ नोटिस जारी किया था क्योंकि वह नवगठित एकनाथ शिंदे सरकार के खिलाफ विश्वास मत के दौरान अनुपस्थित थे।
साभार अमर उजाला