नीमच । रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विपक्ष के गठबंधन पर कहा कि इन्होंने भानुमति का कुनबा जोड़ा है। अकेले भाजपा को हरा नहीं सकते, इसलिए 28 दल एक साथ आ गए। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नीमच से भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इससे पहले उन्होंने एक सभा को संबोधित किया। जिसमें उन्होंने सीएम शिवराज सिंह को राजनीति का धोनी बताया है। उन्होंने कहा कि शुरूआत जैसी भी हो ये अच्छी तरह से फिनिश कर जीतना जानते हैं।
सीएम शिवराज सिंह ने सभा को संबोधित करते हुए विपक्ष के गठबंधन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उनके घटक दल सनातन का अपमान कर रहे हैं। सनातन का अपमान करने वाले खत्म हो जाएंगे।
जनता कांग्रेसियों की नाक काट देगी: विजयवर्गीय
सभा में बीजेपी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि हम नकल नहीं करते हैं। कांग्रेस के लोग आजकल गीता पढ़ रहे हैं। रामायण पाठ, हनुमान चालीसा का पाठ करवा रहे हैं। रुद्राक्ष बांट रहे हैं। इस देश में इतिहास साक्षी है, जब किसी ने रूप बदला तो उसकी नाक कट जाती है। शूर्पनखा ने रूप बदला तो लक्ष्मण ने उनकी नाक काट दी थी। कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि मैं कांग्रेसियों ने कहना चाहता हूं कि आप नाटक मत करिए। आप तो सिर्फ एक ही त्योहार मनाते थे। उनका एक ही त्योहार था- रोजा और ईद। आजकल वे रामनवमी मनाने लगे हैं। कृष्ण जन्माष्टमी मनाने लगे।
जैसे राम और कृष्ण जर्नादन हैं, वैसी ही ये जनता भी जर्नादन है। उन्होंने शूर्पनखा की नाक काटी थी। ये जनता भी कांग्रेसियों की नाक काट देगी। वेश बदलकर छलने वाले लोगों को यह समाज कभी माफी नहीं करता है।
नीमच
राजनाथ बोले- आपके मामा शिवराज राजनीति के धोनी, जन आशीर्वाद यात्रा को दिखाई हरी झंडी
- 05 Sep 2023