Highlights

बुरहानपुर

रेत माफिया ने खोद दिया कब्रिस्तान, कंकाल निकल रहे; बुरहानपुर की ताप्ती नदी में रोज हो रही खुदाई

  • 18 Jun 2022

बुरहानपुर। ताप्ती नदी और उतावली नदी के बीच धोबी घाट के कब्रस्तान को भी रेत माफियाओं ने नहीं छोड़ा है। माफियाओं ने जगह-जगह गहरे गड्ढे खोद दिए हैं। हालात यह हैं कि यहां कंकाल और खोपडिय़ां बाहर निकल आई हैं। बावजूद इसके यहां रेत के लिए खुदाई बंद नहीं की गई।
संत-पुजारी संगठन ने इस पर आक्रोश जताते हुए विरोध किया है। नागझिरी श्मशान घाट से आगे उतावली नदी ताप्ती नदी में मिलती है। इस बीच घोबी घाट कहे जाने वाला एक कब्रिस्तान है। यहां का ताप्ती नदी का क्षेत्र कब्रिस्तान में दर्ज है। यहां खनिज विभाग की खदान भी नहीं है, लेकिन फिर भी रेत माफियाओं के गुर्गे यहां खुदाई करवा रहे हैं।
पूरे कब्रिस्तान में जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे कर दिए हैं। कुछ कब्रों से खोपड़ी सहित कंकाल बाहर निकल आए हैं। शुक्रवार को नदी में तैरने पहुंचे कुछ लोगों ने कंकाल देखे और विरोध स्वरूप गणपति नाका थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर थाने से दो जवान भी पहुंचे, लेकिन वे सिर्फ देखकर लौट गए। क्षेत्र के एसडीएम दीपक चौहान ने बताया कि तहसीलदार को भेजकर कार्रवाई कराई जाएगी। जो भी खुदाई कर रहे हैं, उनकी जांच करेंगे। शिकायत पर राम झरोखा मंदिर के पुजारी और संत-पुजारी समिति जिलाध्यक्ष नर्मदानंदगिरीजी महाराज भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा यहां सनातन धर्म के कुंआरे युवक-युवतियों को दफनाया जाता है। सुबह 4 बजे से यहां रेत के लिए खुदाई शुरू हो जाती है। मैंने कई बार टोका, लेकिन कोई सुनता नहीं है। पूरा कब्रिस्तान खोदा जा रहा है। कंकाल निकल रहे हैं।