नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम को वनडे विश्व कप का खिताब जीते हुए 11 साल पूरे हो चुके हैं। टीम ने आखिरी बार महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में 2011 में श्रीलंका को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा किया था। यह जीत भारत को 28 साल के लंबे इंतजार के बाद मिली थी, जिसमें सभी ने अपना-अपना योगदान दिया था। हालांकि, जब भी विश्व कप का कहीं जिक्र होता है तो आमतौर पर उस वक्त के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और उनकी कप्तानी को श्रेय दिया जाता है। लेकिन इस जीत का हिस्सा रहे कई खिलाड़ियों को यह बात पसंद नहीं है और वह इसे लेकर अक्सर अपनी नाराजगी जताते रहे हैं।
पूर्व क्रिकेटर और विश्व विजेता टीम का हिस्सा रहे हरभजन सिंह ने अब खुलकर इसपर अपनी नाराजगी जताई है। 41 वर्षीय ऑफ स्पिनर ने बातों-बातों में सीधे तौर पर एमएस धोनी पर निशाना साधा और अपनी भड़ास निकाली। भज्जी ने सवालिया लहजे में पूछा कि अगर एमएस धोनी ने अकेले वर्ल्ड कप जीता था तो बाकी खिलाड़ी क्या वहां सिर्फ लस्सी पीने गए थे।
साभार अमर उजाला
खेल
वर्ल्ड कप 2011 की जीत पर हरभजन सिंह ने धोनी पर साधा निशाना, कहा- बाकी 10 क्या लस्सी पीने गए थे

- 14 Apr 2022