मुंबई। पंजाब किंग्स ओपनर बल्लेबाज शिखर धवन ने टी20 क्रिकेट में इतिहास रच दिया है। शुक्रवार (आठ अप्रैल) को मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में पंजाब का सामना गुजरात टाइटंस से हुआ। इस मैच में धवन ने तीसरा चौका लगाते ही एक खास उपलब्धि अपने नाम कर ली। वे टी20 क्रिकेट में एक हजार चौके लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। धवन टी20 क्रिकेट में एक हजार चौके पूरे करने वाले दुनिया के चौथे बल्लेबाज हैं। उनसे पहले क्रिस गेल, एलेक्स हेल्स, डेविड वॉर्नर और एरॉन फिंच इस उपलब्धि को हासिल कर चुके हैं।
धवन ने गुजरात के खिलाफ मैच में 30 गेंद पर 35 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने चार चौके लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 116.67 का रहा। धवन के टी20 क्रिकेट में अब 1001 चौके हो गए हैं। टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा चौके लगाने की बात करें तो क्रिस गेल पहले स्थान पर हैं। उनके नाम 463 मैचों में 1132 चौके हैं। दूसरे पायदान पर इंग्लैंड के एलेक्स हेल्स हैं। उन्होंने 336 मैचों में 1054 चौके लगाए हैं। तीसरे पायदान पर डेविड वॉर्नर हैं। ऑस्ट्रेलिया के इस विस्फोटक ओपनर ने 314 मैचों में 1005 चौके लगाए हैं। उनके साथी एरॉन फिंच ने 348 मैचों में 1004 चौके जड़े हैं।
खेल
शिखर धवन ने रचा इतिहास, चौका जड़ते ही हासिल की खास उपलब्धि

- 09 Apr 2022