उफा (रूस)। रूस के उफा में चल रही विश्व जूनियर चैंपियनशिप कुश्ती प्रतियोगिता में संजू (62 किग्रा) और भटेरी (65 किग्रा) ने रजत पदक जीते। फाइनल में इन दोनों पहलवानों को हार का सामना करना पड़ा। वहीं, कांस्य पदक मुकाबले में सनेह चोटिल हो गईं। महिलाओं की कुश्ती वर्ग में भारत ने तीन सिल्वर और दो ब्रॉन्ज मेडल जीते। भटेरी को मोल्दोवन के पहलवान इरीना रिंगासी के खिलाफ 2-12 से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के बाद भटेरी को रजत पदक से ही संतोष करना पड़ा। वहीं, संजू को रूस के पहलवान अलीना कसाबीवा के खिलाफ हार झेलनी पड़ी। रूसी पहलवान ने संजू को तकनीकी दक्षता के आधार पर हराया। वहीं, बिपाशा (76 किग्रा) ने गुरुवार को रजत जबकि सिमरन (50 किग्रा) और सितो (55 किग्रा) ने कांस्य पदक जीते थे। भारतीय महिलाओं ने टूर्नामेंट में तीन रजत और दो कांस्य से कुल पांच पदक जीते। वहीं, पुरुषों की फ्रीस्टाइल में भारतीय पहलवानों ने एक रजत और पांच कांस्य से कुल छह पदक जीते थे।
साभार