ग्वालियर। ग्वालियर-चंबल अंचल में हर्ष फायर से मौत और घायल होना कोई नई बात नहीं हैं। यहां शादियों में फायरिंग प्रतिष्ठा से जोड़कर देखा जाता है। यही कारण है कि ग्वालियर अंचल के दतिया में रविवार रात बारात में हुए हर्ष फायर में एक छात्र की गोली लगने से मौत हो गई है, जबकि पिता घायल है और ग्वालियर के जेएएच में भर्ती किया गया है।
इस घटना के एक घंटे बाद ग्वालियर के मुरार बड़ागांव में फक्क्ड़ बाबा के आश्रम के पास एक शादी समारोह में हर्ष फायर में छात्र गोली लगने से घायल हो गया है। दोनों घटनाओं में पुलिस ने हर्ष फायरिंग के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मैरिज गार्डन में हर्ष फायरिंग रोकने गार्डन व वाटिका संचालकों को हिदायत दी है।
डीजे पर डांस में चली गोली, बेटे की मौत पिता घायल
दतिया में शादी समारोह में शामिल होने आए पिता-पुत्र हर्ष फायर का शिकार हो गए और गोली लगने से बेटे की मौत हो गई और पिता घायल है। घायल पिता को उपचार के लिए ग्वालियर रैफर किया गया है, जहां पर उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। दतिया के सुनारी गांव निवासी पवन बघेल अपने बेटे पीयूष बघेल के साथ रविवार रात को शादी समारोह में शामिल होने के लिए आया था। इसी बीच बारात आ गई और बाराती ऊख पर डांस करने लगे। तभी अचानक बारात में आए श्याम बघेल की राइफल से हर्ष फायर हुआ और गोली पियूष और पवन को लगी। गोली लगते ही उन्हें उपचार के लिए पहुंचाया। जहां पर उनकी हालत गंभीर देखकर ग्वालियर रैफर किया। रास्ते में पियूष की मौत हो गई और गंभीर हालत में पवन को उपचार के लिए भर्ती कराया है। दतिया की गोराघाट पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या व हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।
हर्ष फायर में चली गोली, छात्र घायल
ग्वालियर के मुरार थाना स्थित बड़ागांव फक्कड़ बाबा आश्रम के पास शादी समारोह में हर्ष फायरिंग में एक छात्र घायल हो गया है। शहर के उपनगर मुरार स्थित निबुआपुरा निवासी 20 वर्षीय सचिन पुत्र भूरे सिंह राणा छात्र है। वह बीएससी सेकेंड ईयर में पढ़ रहा है। रविवार को उसकी ममेरी बहन की शादी का कार्यक्रम फक्कड़ बाबा मंदिर के पास स्थित मास्टर गार्डन से हो रहा था। शादी में शामिल होने के लिए सचिन अपने ताऊ कोमल सिंह के साथ आया था। रात करीब साढ़े ग्यारह बजे वह अपने ताऊ के साथ खाना खाने के लिए जा रहा था कि तभी अचानक सचिन को उसकी हाथ में तेज जलन हुई। यह बात उसने ताऊ को बताई तब ताऊ ने देखा तो हाथ से खून निकल रहा था और गोली लगने का निशान था। इधर-उधर देखा तो कोई नजर नहीं आया। परिजन ने तत्काल सचिन को अस्पताल पहुंचाया तो वहां गोली लगने की पुष्टि हुई। शिकायत मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद घायल की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। गोली किसने चलाई यह पता नहीं चल सका है।
ग्वालियर
हर्ष फायर में बेटे की मौत, पिता घायल
- 20 Feb 2024